
Mori (उत्तरकाशी)। विकासखंड के मसरी गांव के बुजुर्ग पर भालू ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। बुजुर्ग को मोरी पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रैफर किया गया है।
गोविन्द वन्य जीव विहार के रुपिन रेंज के मसरी गांव निवासी मुनमूरी सिंह (66) पुत्र नरजी राम गांव से करीब 4 किमी दूर डगंणीच तोक में अपने सेब बाग में पौध की थोले बना रहा था। इसी दौरान घात लगाए भालू ने उस पर हमला कर उसके चेहरे को बुरी तरह नोच दिया। बुजुर्ग के साथ उसका नाती भी था जिसने चिला कर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर पर भालू वहां से भाग गया। घायल मुनमूरी सिंह को मोरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे हायर सेंटर देहरादून रैफर कर दिया गया है।
घायल बुजुर्ग का दून अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। उपचार के लिए अभी पांच हजार रूपए की सहायता की गई है। इसके अलावा वन्यजीव एवं मानव संघर्ष के बीच दी जाने वाली राशि के लिए उच्च अधिकारियों से बात की गई है।–अनिल रावत, रेंजर रुपिन रेंज