राजनीति

उत्तराखंड : भ्रष्टाचारियों पर होगी सख्त कारवाई : मुख्यमंत्री

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड एप-1064 का शुभारंभ

बोले, हमारी सरकार “सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टिकरण” के मंत्र को ध्येय बनाकर कर रही कार्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सचिवालय में विजिलेंस विभाग द्वारा निर्मित “भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड-1064” एप्प का शुभारंभ किया।  कहा कि इस एप का क्रियान्वयन मजबूती से किया जाय। साथ ही एप पर जो भी शिकायतें आती हैं, उनका तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए।। कहा यदि किसी शिकायतकर्ता की शिकायत विजिलेंस से संबंधित नहीं है, तो उसे सीएम हेल्पलाईन एवं संबंधित विभाग को भेजी जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाय कि शिकायतकर्ता द्वारा जो शिकायत की गई, उसके स्टेटस अपडेट की पूरी जानकारी उन्हें मिले। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सतर्कता विभाग के दो इन्सपेक्टर को विवेचना करने के लिए टेबलेट भी प्रदान की। सतर्कता विभाग के अन्य कार्मिकों को भी विवेचना के लिए टेबलेट दिये जायेंगे। कहा भ्रष्टाचारियों को बिल्कुल भी बख्सा नहीं जाएगा। जन समस्याओं का समाधान सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है, जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरलीकरण, समाधान, निस्तारण एवं संतुष्टि के सिद्धान्त पर कार्य करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने निदेशक सतर्कता को निर्देश दिये कि भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखण्ड एप- 1064 का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कर जनता को एप के बारे में अवगत कराएं।

सतर्कता निदेशक अमित सिन्हा ने जानकारी दी कि 1064 नम्बर पर एप के माध्यम से एवं फोन से कोई भी व्यक्ति शिकायत कर सकता है। यह नम्बर भारत सरकार से प्राप्त है। एप के माध्यम से प्रत्येक शिकायत रजिस्टर होगी, जिसका पूरा डाटा सुरक्षित रखा जायेगा। शिकायतकर्ता की पूरी गोपनीयता रखी जायेगी। यह एप हिन्दी एवं अंग्रेजी दानों भाषाओं में है।

ये रहे उपस्थित : मुख्य सचिव डॉ एसएस संधु, सचिव कार्मिक एवं सतर्कता अरविन्द सिंह ह्यांकी, एसपी रेनू लोहानी, सीओ सुरेन्द्र सिंह सामन्त, अनुषा बडोला, निरीक्षक मारूत शाह, विभा वर्मा आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button