राजनीति

ब्रेकिंग न्यूज : सीएम पुष्कर सिंह धामी ने हजारों लोगों के साथ योगा कर दिया जागरूकता का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

बोले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण जन–जन तक पहुंचा योग

ऋषिकेश/नौगांव। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश में आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग द्वारा योगा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में हिस्सा लेते हजारों लोगों के साथ योग कर देश के प्रत्येक नागरिक को योग के प्रति जागरूक, योग को दिनचर्या में शामिल करने एवं योग के महत्व का संदेश दिया। इस मौके पर सीएम को परमार्थ निकेतन द्वारा गंगा पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की बधाइयां एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के कारण आज योग जन–जन तक पहुंचा है कहा योग दिवस एक उत्सव के रूप में मनाया जाए एवं लोगों में योग के प्रति उत्साह हो यह सपना अब पूरा होता दिख रहा है। कहा प्रधानमंत्री मोदी ने आज योग को विश्व के कोने–कोने में पहुंचाया है।

सीएम ने कहा कि शरीर और मन दोनों को सेहतमंद बनाए रखने के लिए नियमित रूप से दिनचर्या में योगासनों को शामिल करके लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा योग से संपूर्ण शरीर की दिशा एवं दशा बदलती है साथ ही जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। उन्होंने कहा आदिकाल से ऋषि-मुनियों ने योग को अपनाया है उनकी शक्ति एवं सफलता के पीछे योग एवं ध्यान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें उत्तराखंड राज्य को 25वें वर्ष पर योग, संस्कृति, पर्यटन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है, जिसके लिए राज्य सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा सभी विभागों को अगले 10 वर्षो के विकास कार्यों का रोडमैप तैयार करने को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा आने वाले समय में ऋषिकेश क्षेत्र में पर्यटन हेतु और अच्छी सुविधाएं उपलब्ध हो इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद सरस्वती जी महाराज ने अपने संबोधन में कहा कि योग की राजधानी के रूप में विश्वविख्यात संतनगरी ऋषिकेश के गंगा के तट से आज योग का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग हमें ऑलनेस, वेलनेस संदेश देता है, योग एक इंसान को दूसरे इंसान से और जीवमात्र को जीवमात्र  से जोड़ता है।

ये रहे उपस्थित : इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद्र अग्रवाल, सुबोध उनियाल , विधायक रेनू बिष्ट, दुर्गेश्वर लाल, पूज्य साध्वी भगवती, आयुष सचिव डॉ पंकज पांडे , डीजीपी अशोक कुमार, प्रो. सुनील कुमार जोशी (कुलपति, उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय) ,डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी (निदेशक, आयुर्वेदिक एवं यूनानी सेवाएं, उत्तराखंड) सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button