कुमुदेश्वर महादेव नागराज मंदिर में भव्य और दिव्य कलश यात्रा के साथ अष्टादश महापुराण यज्ञ का शुभारंभ
आस्था
ज्ञान यज्ञ में 28 व्यासों सहित 51 आचार्य कर रहे हैं प्रतिभाग, 14 जून तक चलेगा यज्ञ
पुरोला। जनपद उत्तरकाशी के नगर पंचायत पुरोला में स्तिथ कुमुदेश्वर महादेव नागराज मंदिर में आज से अष्टादश महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया है। इससे पहले आज सुबह मंदिर परिसर से रवाईं घाटी की एक दर्जन देवडोलियों की उपस्थिति में नगर में भव्य-दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
यमुनाघाटी के नगर पंचायत पुरोला के वार्ड नंबर-7 में स्थित कुमुदेश्वर महादेव नागराज मंदिर में शनिवार से नगर में निकाली गई भव्य-दिव्य कलश के साथ अष्टादश महापुराण ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हो गया है। ज्ञान यज्ञ के पहले दिन मुख्य व्यास पंडित शिवप्रसाद नौटियाल ने प्रवचन करते कहा कि ईश्वर भक्ति से ही दुखों का नाश हो सकता है। मनुष्य को सत्य की राह पर चलना चाहिए।परोपकार करने वाले सज्जन पुरुष पुण्य के लिए काम करते है इसलिए मनुष्य को हमेशा परोपकार ही करना चाहिए।
नागराज मन्दिर में 12 ज्योतिर्लिंग स्थापित : कुमुदेश्वर महादेव नागराज महाराज का भव्य मंदिर का निर्माण इसी वर्ष पूर्ण हुवा है। मंदिर में शेष शैया पर विराजमान भगवान नारायण, भगवान आशुतोष, हनुमान जी महाराज, मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम दरबार, जगत जननी मां राज राजेश्वरी, भगवान राधा कृष्ण आदि देवी-देवताओं सहित 12 ज्योतिर्लिंग की स्थापना की गई है। मूर्तियो की प्राण प्रतिष्ठा हेतु यहां अष्टादश महापुराण ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया गया है। यज्ञ में 18 महापुराणों का श्रवण किया जाएगा। यज्ञ में 28 व्यास सहित 51 आचार्य प्रतिभाग कर रहे है।
रवाईं क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक देव डोलियां हैं यज्ञ में शामिल : इष्ट देव ओडारू जखंडी मटिया महासू महाराज, राजा रघुनाथ, सोमेश्वर महाराज, कपिल मुनि महाराज, कालियानाग महाराज, शिकारू नाग महाराज, राजराजेश्वरी , भद़काली, भीमा काली सहित करीब एक दर्जन देव डोलिया भी यज्ञ में पहुंच गई है। यह यज्ञ 14 जून तक चलेगा।
ये रहे उपस्थित : सेनि जिला जज वीरेन्द्र चौबे, नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन नेगी, बृजमोहन सजवाण, उपेंद्र असवाल, जयवीर रावत, सेवानिवृत्त खंडविकास अधिकारी राजकुमारी, राजेन्द्र गैरोला, दीपक नौडियाल, ओमप्रकाश नौडियाल, विक्रम सिंह रावत, अनिल असवाल, महिदेव असवाल, कैलाश उनियाल, दिवाकर उनियाल, विनोद राणा, देवराज नेगी, आशीष नेगी, रोहित चौहान सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।