
तीन वर्ष का कार्यकाल खत्म, जल्द होगा नई टीम का गठन
Naugaon। तीन साल का कार्यकाल पूरा होने पर व्यापार मंडल यमुनाघाटी की नौगांव नगर कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। व्यापार मंडल अध्यक्ष यमुनाघाटी कबूल सिंह पंवार ने कहा कि सदस्यता अभियान समिति सबसे पहले सदस्यता अभियान चलाएगी। इसके बाद उसकी समीक्षा कर चुनावी कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। उन्होंने सभी व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने की अपील की है।
नौगांव के एक निजी होटल में व्यापार मंडल यमुनाघाटी अध्यक्ष कबूल सिंह पंवार की अध्यक्षता में एक बैठक आहुत की गई है। जिसमें व्यापार मण्डल नौगांव के तीन वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन के लिए विचार–विमर्श कर प्रत्येक व्यापारी से 150 सदस्य शुल्क लेने का निर्णय लिया गया। बैठक में फैसला लिया गया की नई कार्यकारिणी गठन से पूर्व सदस्यता अभियान समिति नगर में नए सदस्यों को जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाएगी। आगामी 17 जुलाई को प्रस्तावित बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा कर चुनावी कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। इस मौके पर राजेश रावत, अरविंद पंवार, जगदीश असवाल, सुमित रावत, नितिन रमोला, अर्जुन रावत सहित सभी व्यापारी उपस्थित रहे।